
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : करजा थाना क्षेत्र के पताही में रिलायंस पेट्रोल पंप मैनेजर से लूट मामले में तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करजा थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है, इसके साथ ही सदर थानाध्यक्ष नवीन कुमार से क्राइम कंट्रोल में विफल रहने पर स्पष्टीकरण की मांग की है.
मुजफ्फरपुर के करजा थानान्तर्गत पताही के समीप रेवा रोड में रिलायंस पेट्रोल पंप के मैनेजर की लूट के दौरान हत्या मामले में कर्जा थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है, सिटी एसपी के नेतृत्व में SIT करेगी मामले की जांच. अपराध नियंत्रण में अक्षम करजा थानाध्यक्ष को जोनल आईजी के दिशा निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने निलंबित कर दिया है.

इस संबंध में जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने बताया कि अपराध नियंत्रण में विफलता को लेकर करजा थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है. क्राईम कंट्रोल में निष्क्रिय सदर थानाध्यक्ष नवीन कुमार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. मामले की जांच व उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार को सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर मामले की जांच करने का आदेश दिया गया है.

जोनल आईजी ने कहा कि पुलिस उपमहानिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह भी व्यक्तिगत रूप से जांच की निगरानी करेंगे, इसके साथ ही जोनल आईजी स्वयं समय-समय पर जांच की समीक्षा करेंगे.

बता दें कि सोमवार सुबह जिला के करजा थाना क्षेत्र के पताही हवाई अड्डे के समीप रेवा रोड में बाइक सवार अपराधी ने रिलायंस पेट्रोल पंप के मैनेजर को लूट के दौरान गोली मार दी थी. आनन फानन में मैनेजर को बैरिया स्थित निजी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक मैनेजर की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी कृष्णा कुमार के रूप में की गयी है. वरीय अधिकारियों के दिशा निर्देश पर सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह मामले की जांच कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि अपराधियों द्वारा लगभग 13.5 लाख रुपयों की लूट की घटना को अंजाम देने के दौरान गोली मारी गई है. रिलायंस पेट्रोल पंप मैनेजर से 13.5 लाख रुपये लूट की पुष्टि जांचोपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने किया है.

सोमवार की सुबह मड़वन स्थित शंभू सिंह के पंप के मैनेजर कृष्णा कुमार 13 लाख रुपये लेकर बाइक से चले थे. ये रुपये वह पंप मालिक शंभू सिंह के बीबीगंज स्थित घर देने जा रहे थे. पताही हवाई अड्डा के निकट पहुंचने पर पहले से पीछा कर रहे दो बाइक पर सवार चार लुटेरे ओवरटेक करते हुए उन्हें धक्का देकर गिरा दिया. उनके गिरने पर रुपया से भरा बैग छीनने लगा. पेट्रोल पंप मैनेजर कृष्णा कुमार ने इसका जमकर विरोध किया. विरोध को देखते हुए लुटेरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए, पास के एक स्थानीय दुकानदार उन्हें उठाने आया तो अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर भगा दिया. जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किये गये हैं.
