मुजफ्फरपुर : गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर के रामगढ़ परिवार की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। 351 फीट का तिरंगा आकर्षण का केंद्र बन गया। इस दौरान तिरंगे के सम्मान में लोग खड़े हो गए।
शहर के जिन क्षेत्रों से तिरंगा यात्रा निकाली गई वहां लोगों में देशभक्ति का जज्बा बनता गया। रामगढ़ परिवार के रोहित केवट और सोनू ने बताया कि पिछले पांच वर्षो से हर साल 26 जनवरी और 15 अगस्त के मौके पर तिरंगा यात्रा निकाली जाती है।
यह तिरंगा भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने देश में अमन-चैन और भाईचारे की कामना की। वहीं तिरंगा यात्रा रामगढ़ चौक से शुरू होकर सरैयागंज टावर, पंकज मार्केट, सोनरपट्टी, साहू रोड, हरिसभा, कल्याणी, मोतीझील, इस्लामपुर, कंपनीबाग होते हुए फिर रामगढ़ चौक पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर हर्ष अग्रवाल, रोहित केवट, सोनू चौहान, विक्की महतो, अरुण मेहता, मनीष चौहान, दशरथ चौहान, विकाश चौहान, रौनक कुमार आदि अन्य मौजूद रहे।






