मधुबनी : एक पहल से जल संरक्षण बन गया अभियान, किसान का प्लान, जानें…

मधुबनी। राजनगर प्रखंड के भटसिमर पश्चिमी पंचायत में गर्मियों में अब पानी की किल्लत नहीं होती है। फसलों की सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी की व्यवस्था है। वर्षभर भूजल स्तर बेहतर बना रहता है। यह सब संभव हो पाया है किसान आशुतोष ठाकुर की पहल से।

वर्षा जल संरक्षण की दिशा में इन्होंने मिसाल स्थापित किया है। गर्मी में सिंचाई और पेयजल संकट की परेशानी देख तीन वर्ष पहले करीब 10 एकड़ में पांच तालाबों की खोदाई कराई। इससे भूजल स्तर तो बढ़ा ही गर्मियों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी भी मिलने लगा।

तालाबों में मत्स्यपालन कर प्रतिवर्ष करीब तीन लाख रुपये तक की कमाई भी कर रहे हैं। इससे प्रेरित होकर करीब दो दर्जन ग्रामीणों ने भी तालाब खोदवाए। पंचायत में करीब ढाई दर्जन तालाब होने से गर्मियों में भी भूजल स्तर बेहतर बना रहता है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से एमए कर चुके आशुतोष चार हजार स्क्वायर मीटर में पांच तालाबों में वर्षा जल संचयन करते हैं। इन तालाबों में मछली पालन के साथ करीब 10 एकड़ में धान, गेहूं और मौसमी सब्जियों की सिंचाई करते हैं। इससे सालाना पांच लाख रुपये की आमदनी होती है, वहीं मछली उत्पादन से सालाना करीब तीन लाख की आय होती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.