समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल के सुगौली-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना के तहत नरकटियागंज और साठी स्टेशन के बीच दोहरीकरण कार्य पूरा हो चुका है।
तकनीकी कार्यों को अंतिम रूप देने के लिए 25 से 27 मार्च तक प्री-एनआइ और 28 व 29 मार्च को एनआइ कार्य किया जाना है। उक्त अवधि में इस रेलखंड से गुजरने वाली मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अस्थायी बदलाव के साथ होगा।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि आनंद विहार से प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 15274 आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस का परिचालन परिवर्तित मार्ग नरकटियागंज-सिकटा-रक्सौल के रास्ते 28 मार्च तक होगा।
वहीं रक्सौल से प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 15273 रक्सौल-आनंद विहार सत्याग्रह एक्सप्रेस का परिचालन परिवर्तित मार्ग रक्सौल-सिकटा-नरकटियागंज के रास्ते 25 से 29 मार्च तक किया जाएगा।


