सीतामढ़ी जिले में आगामी 27 मार्च को केंद्रीय चयन पर्षद की सिपाही भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा सीतामढ़ी डीएम और डीईओ को पत्र भेजा गया है। उक्त पत्र में बताया गया कि निर्धारित तिथि को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इसमें जिला मुख्यालय डुमरा में एमपी हाई स्कूल, कमला गर्ल्स हाई स्कूल, बरियारपुर हाई स्कूल, सीतामढ़ी नगर में एमआरडी गर्ल्स हाई स्कूल, लक्ष्मी हाई स्कूल, मथुरा हाई स्कूल, नगरपालिका मिडिल स्कूल भवदेपुर और मिडिल स्कूल चकमहिला समेत 8 केंद्र बनाए गए हैं। सभी आठ केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 6 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।

इसको लेकर जिला प्रशासन के द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक तैयारी की जा रही है। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बलों की तैनाती होगी।

परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के निर्धारित संख्या के अनुसार डेस्क, बेंच की व्यवस्था में अधिकारी व कर्मी जुटे हुए हैं। केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसको लेकर केंद्रीय चयन पार्षद द्वारा जिला प्रशासन को गाइडलाइन भी जारी किया गया है।

सिपाही भर्ती परीक्षा में केंद्रों पर परीक्षार्थियों समेत अन्य कर्मियों को मोबाइल फोन समेत अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ प्रवेश पर रोक रहेगी। चयन पर्षद के गाइडलाइन के तहत केंद्र पर परीक्षा हॉल में परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और बॉल पॉइंट पेन की अतिरिक्त कोई भी सामग्री नहीं ले जा सकेंगे।

परीक्षा के दौरान कोविड-19 संक्रमण के बचाव के लिए जारी प्रोटोकॉल को सख्ती से पालन कराया जाएगा। सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का पालन जरूरी कर दिया गया है।