समस्तीपुर: शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक में शिक्षा में गुणात्मक सुधार पर सुझाव देकर हुई चर्चा

समस्तीपुर : समाहरणालय सभा कक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक शिक्षक संघ के पदधारक व संबंधित पदाधिकारी के साथ हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम ने की। बैठक का संचालन डीईओ द्वारा किया गया। इस बैठक में सभी डीपीओ एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वह प्रखंड साधनसेवी एमडीएम उपस्थित थे। बैठक में बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल)समस्तीपुर के जिला अध्यक्ष कुमार रजनीश ने अपने संबोधन में संगठन की ओर से शिक्षा में गुणात्मक एवं सर्वांगीण विकास के लिए अलग-अलग बातों पर डीएम का ध्यान आकृष्ट करवाया। उन्होंने शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्य एवं पीएम पोषण योजना कार्य से मुक्त करने की मुद्दा उठाने के साथ ही विद्यालयों में छात्र एवं वर्ग के अनुपात में शिक्षकों की कमी को दूर करने पर जोर दिया। इसके अलावा वर्ग पांच एवं आठ की आयोजित वार्षिक मूल्यांकन 2022 में प्रश्न पत्र की अनुपलब्धता एवं वर्ष 2018, 2019 व 2020 के प्रश्न पत्र से बच्चों का वार्षिक मूल्यांकन करने पर खेद जताया।

वहीं वर्ग 1-4 एवं वर्ग 6-7 के छात्रों की दिनांक 25/03/2022 से आयोजित वार्षिक मूल्यांकन में प्रश्नपत्र की उपलब्धता पर ध्यान आकृष्ट कराया। इसके अलावा नगर निगम/नगर परिषद/नगर पंचायत के परिधि के 8 किलोमीटर दायरे में अवस्थित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को शहरी दर से मकान किराया भत्ता भुगतान करने की अपील की गई। साथ ही पंचायत/प्रखंड/नगर शिक्षकों को 15 फीसदी वेतन वृद्धि की सैलरी स्लिप जारी करने एवं बकाया अंतर वेतन भुगतान हेतु आग्रह किया गया।

अप्रशिक्षित शिक्षकों को नियमानुसार सेवा में रहने एवं वेतन भुगतान की मांग उठाई गई। संवर्धन एवं दक्षता परीक्षा का आयोजन विभाग द्वारा आयोजित करने का आग्रह किया गया ताकि संबंधित शिक्षक लाभान्वित हो सके। मैट्रिक प्रशिक्षित वेतनमान में कार्यरत 8 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले स्नातक योग्यताधारी शिक्षकों को स्नातक वेतन में पदोन्नति एवं स्नातक वेतनमान में कार्यरत 4 वर्ष पूर्ण करने वाले शिक्षकों को प्रधानाध्यापक में प्रोन्नति अभिलंब दी जाए।

विद्यालय से 05 सितंबर 2019 को अनुपस्थित संबंधित शिक्षकों को 1 दिन का वेतन भुगतान करने हेतु अग्रेतर कार्यवाही की जाए। प्रत्येक माह बीआरसी स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा मासिक बैठक आहूत की जाए, इसमें संगठन के पदधारक को भी आमंत्रित किया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की समस्या का निदान हो सके। इसके अलावा अनुकंपा पर लंबित रहने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति यथाशीघ्र की जाए।

साथ ही जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश ने अंत में कहा कि पहले के जमाने में विद्यालय निरीक्षण में पदाधिकारी आते थे तो बच्चों की पढ़ाई एवं वर्ग कक्ष में जाकर शिक्षकों के द्वारा पढ़ाई कर रहे विषय के बारे में जानकारी प्राप्त कर सुधार करने हेतु सुझाव दिया करते थे, लेकिन अब जब पदाधिकारी विद्यालय पहुंचते हैं तो सर्वप्रथम रसोईघर जाते हैं।

इसके बाद कार्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति पंजी देखते हैं। इसके बाद जब शिक्षकों के द्वारा निरीक्षण पंजी उक्त पदाधिकारी के सामने प्रस्तुत किया जाता है तो हस्ताक्षर करने से भागते हैं, जो बच्चों के गुणात्मक विकास व सर्वांगीण विकास में बाधा बनती जा रही है।

इसलिए जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश द्वारा जिला पदाधिकारी महोदय से आग्रह किया गया कि सभी बातों को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारी और संगठन के पदधारक को उचित दिशा निर्देश जारी करने का निवेदन किया ताकि कदम-से-कदम मिलाकर अच्छी रणनीति तैयार कर छात्रों को बेहतरीन शिक्षा प्रदान कर सकें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.