मुजफ्फरपुर। एक दिन की राहत के बाद पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में फिर से बढ़ोतरी कर दी है। इस तरह से देखा जाए तो 137 दिनों के अंतराल के बाद आज यानी 25 मार्च 2022 को यह तीसरा मौका होगा जब पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्य में बढ़ोतरी की गई है।
जबकि थोक उपभोक्ताओं के लिए डीजल की कीमत में एक बार में ही 28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी पहले ही कर दी गई थी। वैसे इसे अपेक्षा के अनुसार ही माना जा रहा है क्योंकि वर्तमान में जो वैश्विक हालात हैं उसके अनुसार कच्चे तेल की कीमत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
स्वाभाविक रूप से इसका प्रभाव भारत में भी देखने को मिलने वाला था। इस स्थिति में अब लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि क्या पेट्रोलियम उत्पादों के मूल्य में बढ़ोतरी का क्रम 28 रुपये महंगा होने तक जारी रहेगा? हालांकि इसके बारे में निश्चित होकर कोई भी जवाब नहीं मिल पा रहा है।

शुक्रवार की सुबह छह बजे जारी नए रेट के अनुसार पेट्रोल की कीमत में मुजफ्फरपुर में 83 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह से यहां पेट्रोल का दाम 108.25 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 109.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। जैसा हम पहले भी बता चुके हैं कि यह रेट मुजफ्फरपुर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पंप का है।
अन्य तेल कंपनियों के आउटलेट पर भी कीमत इसके आसपास ही आपको मिलेगा। यहां हर दिन सुबह छह बजे नए रेट को अपडेट किया जाता है। आंकड़ों पर गौर करें तो 22 मार्च को यह 107.42 रुपये प्रति लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। इस दौरान रेट 106.59 रुपये हुआ करता था।
यदि हम तीन माह पहले यानी 25 नवंबर 2021 की बात करें तो उस समय रेट 106.59 रुपये प्रति लीटर था। छह माह पहले के रेट की बात करें तो 26 अगस्त 2021 को रेट 104.73 रुपये प्रति लीटर था। डीजल के खुदरा मूल्य में भी बदलाव किया गया है। इसमें 80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
इस तरह यह 93.33 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 94.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। 22 मार्च 2022 के रेट की बात करें तो यह 92.53 रुपये लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक इसका रेट स्थिर था। उस समय इसकी कीमत 91.73 रुपये प्रति लीटर हुआ करती थी। यदि यदि हम तीन माह पहले यानी 25 नवंबर 2021 की बात करें तो उस समय रेट 91.73 रुपये प्रति लीटर ही हुआ करता था। छह माह पहले के रेट की बात करें तो 26 अगस्त 2021 को यह 95.42 रुपये प्रति लीटर था।
