
GAYA : बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है. लगातार अपराधी अपने मनसूबों को अंजाम दे रहे हैं. बिहार में एक बार फिर बड़ी वारदात हुई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक गया जिले के आमस निवासी सीएसपी PNB संचालक पिन्टू सिंह की शुक्रवार की आधी रात अपहरण कर हत्या कर दी गयी. इसके विरोध में शनिवार की सुबह से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिमरी गांव के निकट जीटी रोड को जाम कर दिया है. मामले की जानकारी के बाद स्थानीय थाने की पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई है.

बताया जा रहा है कि पिंटू सिंह के सिर में गोली मारकर हत्या की गयी है. पुलिस ने उसके शव को आमस थाना क्षेत्र के सिमरी गांव से बरामद किया है. सिमरी मृतक के गांव के निकट स्थित है. इधर घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों में मातम का माहौल हो गया है. पूरा परिवार पुलिस खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है. इधर गांववालों ने बताया कि पिंटू कोलकाता टूर पर जाने के लिये घर से निकले थे. पहले यह जानकारी मिली कि वे स्थानीय थाना क्षेत्र के आमस बंगला के पास जीटी रोड से गायब हैं. गायब होने की घटना शुक्रवार की रात करीब 11 बजे की है. बताया जाता है कि बिरला ग्रुप सीमेंट की ओर से बस टूर जा रही थी. बस अन्य लोगों को लेकर औरंगाबाद की ओर से आ रही थी.
आमस के ही एक अन्य साथी बिट्टू कुमार बस में थे. उन्होंने पिन्टू को रोड पर आने को कहा. जिसके बाद वे तीन बैग के साथ जीटी रोड पर आ गये. लेकिन टूर की बस आने पर बैग के साथ वे गायब मिले. फोन स्विचऑफ था. खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला. परिजन उसी समय अपहरण की आशंका जता रहे थे. एसआई बीके सिंह ने बताया था कि पुलिस भी अपनी ओर से खोजने का प्रयास कर रही है लेकिन सुबह उनकी लाश मिली.
