कटिहार में बेटा एवं बहू ने अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। वहीं मां को बचाने पहुंचे छोटे बेटे के सिर पर भी ईंट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घर में महाभारत का यह वीडियो जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव का है।
बारसोई SDPO प्रेम नाथ राम से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आजमनगर SHO को FIR दर्ज करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है ।

मामूली बात पर महाभारत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोज मंडल ने अपने पत्नी के साथ मिलकर मामूली विवाद में अपनी वृद्ध मां की बुरी तरह पिटाई कर दी। बताया जा रहा है पतीला (बड़ा बर्तन) को लेकर सास-बहू में बहस शुरू हुई थी। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया। पत्नी का साथ देते हुए बेटा भी मां से उलझ पड़ा और फिर मारपीट की। पहले महिला के दूसरे बेटे मुकेश मंडल ने इस पिटाई का वीडियो बनाते हुए सच्चाई दिखाने की कोशिश की। बाद में अपनी मां की बुरी तरह पीटते देख मनोज के छोटे भाई ने इसका विरोध किया तो उसकी भाभी ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आयी।

थानेदार पर धमकाने का आरोप
घायल मुकेश मंडल का कहना है कि जब मैं लहूलुहान अवस्था में इंसाफ मांगने आजमनगर थाना पहुंचा तो थानेदार के सामने अन्य सिपाही द्वारा वीडियो बनाने को लेकर गाली गलौज कर धमकाया गया। दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहुंचे मुकेश को बिना इंसाफ मिले उसी अवस्था में बैरंग वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल में कैद यह वीडियो एक तरफ तो कलयुगी बेटा-बहू की करतूत पर सवाल उठा रहा है तो वहीं घरेलू हिंसा पर नकेल कसने के प्रति कटिहार पुलिस कितनी तत्पर हैं, इस पर भी सवाल उठता है।

