मुजफ्फरपुर। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध खत्म नहीं होने के कारण फिर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने लगी है। कभी 100 डालर के नीचे जाने के बाद यह फिर से 107 डालर प्रति बैरल हो गया है। इस बीच भारत की पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल व डीजल का नया रेट जारी कर दिया है। इसमें एक बार फिर से कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। स्वभाविक रूप से मुजफ्फरपुर में भी पेट्रोल व डीजल के रेट में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे हो रहे क्रूड ने लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है। उनका मानना है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं देखने को मिला तो हो सकता है कि फिर से इन कीमतों के बढ़ने का क्रम शुरू हो जाए।

मुजफ्फरपुर में पेट्रोल का दाम 116.9 रुपये प्रति लीटर ही है। 6 अप्रैल 2022 के बाद रेट में बदलाव नहीं हुआ है। यह रेट मुजफ्फरपुर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम का है। अन्य तेल कंपनियों के आउटलेट पर भी कीमत इसके आसपास ही रहता है।
आंकड़ों पर गौर करें तो 22 मार्च को यह 107.42 रुपये प्रति लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। इसी प्रकार डीजल का भी 101.67 रुपये प्रति लीटर के अपने स्तर पर बरकरार है।
22 मार्च 2022 के रेट की बात करें तो यह 92.53 रुपये लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक इसका रेट स्थिर था। उस समय इसकी कीमत 91.73 रुपये प्रति लीटर हुआ करती थी।
