पटना : शिक्षा विभाग के अधीन उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 6421 पदों के लिए 31 मई को लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इस बाबत आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने अधिसूचना जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए 15 हजार से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किया है। परीक्षा की तैयारी चल रही है। प्रशासनिक कारणों से परीक्षा तिथि में परिवर्तन भी संभव है। पंचायती राज विभाग के अधीन अंकेक्षक के लिए मुख्य लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि घोषित कर दी गई है।
बिहार पंचायत अंकेक्षण सेवा के लिए होने वाली मुख्य लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के लिए चार मई से आनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। जबकि लिखित परीक्षा का आयोजन जून के अंतिम सप्ताह में संभावित है। आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि 26 मई तक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते है।
आवेदन की हार्ड कापी व सभी कागजात आयोग को स्पीड प्रोस्ट के माध्यम से आठ जून 2022 की शाम पांच बजे तक अनिवार्य रूप से मिलने चाहिए। बीपीएससी ने पथ निर्माण विभाग के अधीन सहायक अभियंता असैनिक एवं नगर विकास सह आवास विभाग के अधीन असैनिक, यांत्रिक एवं विद्युत सहायक अभियंता की लिखित परीक्षा की संभावित तिथि घोषित कर दिया है।
आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सहायक अभियंता असैनिक की परीक्षा 12 एवं 13 जून को संभावित है। जबकि सहायक अभियंता असैनिक, यांत्रिक एवं विद्युत के लिए दो एवं तीन जुलाई को परीक्षा संभावित है। आयोग की ओर से परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।
