आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में सेंट्रल लाइब्रेरी की खस्ता हालत है। क्योंकिविश्वविद्यालय में 10 वर्षो में एक भी किताब नहीं खरीदी गई। इससे सहज की अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति क्या है। बताया जाता है कि वर्ष 2012 में विवि में एक करोड़ 22 लाख रुपये की पुस्तकों की खरीद हुई थी।
कहा जाता है कि पुस्तकों की खरीद में भारी पैमाने पर घोटाला किया गया, जिसकी गूंज बिहार विधान परिषद तक पहुंची। जांच कमेटी आई और गई। अब तक पुस्तक घोटाले में तीन बार विधान परिषद से जांच कमेटी आ चुकी है। वर्ष 2012 में यूजीसी की राशि से विवि में एक करोड़ 22 लाख रुपये की पुस्तकें खरीदी गई थी।
खरीदी गई पुस्तकें कहां है और कौन-कौन विषयों की पुस्तकें थी, अधिकारी के पास इसका लेखा-जोखा नहीं है। खरीद की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव था। इस मामले को कई बार विधान परिषद स्तर पर कमेटी बनाकर जांच की गई। लेकिन नतीजा ढ़ाक के तीन पात रहा।
निदेशक सीताराम सिंह और उपनिदेशक सुनील कुमार सिंह स्तर की जांच कमेटी 23 फरवरी 2013 को विवि में पहुंचकर जांच की थी। बात सामने आई कि अंसारी रोड, दरियागंज के मेमर्स इंडिका पब्लिसर्स एंड डिस्ट्रीयूटर प्राइवेट लिमिटेड को सवा करोड़ रुपये की पुस्तक क्रय करने का निर्देश दिया गया था।
उसमें 62 लाख 49 हजार 115 रुपये की पुस्तकें आपूर्ति नहीं की गई थी। इसके लिए सीसीडीसी द्वारा स्मार पत्र आपूर्तकत्र्ता को सौंपा गया था। स्मार पत्र के आलोक में आपूर्तिकत्र्ता ने उपरोक्त राशि की सभी पुस्तकें आपूर्ति कर दी। आपूर्तिकत्र्ता को 19 फरवरी 2013 को भुगतान किया गया था। वर्षों जांच के बाद यह मामला लटका हुआ है। इसके बाद विवि में किताबों की खरीद नहीं हुई है।
