हीट वेव रिटर्न्स:दिल्ली-राजस्थान समेत 4 राज्यों में कल लू का अलर्ट; 44 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

देश में पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली, लेकिन अब पारा बढ़ने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी रविवार से दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान फिर 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही उत्तर भारत के लोगों को फिर से लू का सामना करना पड़ सकता है।मौसम विभाग का कहना है कि 8 मई से 10 मई तक हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है। इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और दक्षिण पंजाब में भी 9 मई से 10 मई तक लू चलने की संभावना है।

दिल्ली में 9 से 13 मई तक हीट वेव चलेगी
दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, 9 मई से 13 मई तक हीट वेव का अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

राजस्थान में पारा 44 के पार जाने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से खत्म हो जाएगा और अगले चार-पांच दिन मौसम पूरी तरह सूखा बना रहेगा। तापमान में अगले 48 घंटों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 8 मई से जोधपुर, बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने से हीट वेव चलने की संभावना है।

UP में तीन दिन तक गर्मी का यलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में गर्मी को लेकर अगले 3 दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की वजह से मौसम सुहाना तो हुआ है, लेकिन उमस बढ़ गई है। इसके अलावा आगरा, मथुरा, बलरामपुर और श्रावस्ती जिले में हल्की बारिश होने का अनुमान है। फिलहाल, प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में पारा 40 डिग्री के पार रहने वाला पारा नीचे पहुंच चुका है।

मध्य प्रदेश में तीन दिन लू से राहत के आसार
मध्य प्रदेश में अगले तीन-चार दिन में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। यह बदलाव अफगानिस्तान और नेपाल के ऊपर बने दो अलग-अलग पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से होगा। इन दोनों से मध्य प्रदेश में नमी आ रही है। इससे भोपाल, सागर, उज्जैन, ग्वालियर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

पंजाब में 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है तापमान
IMD के अनुसार, अगले एक हफ्ते में पंजाब के कई जिलों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार होने की संभावना है। इसके साथ ही कई लोगों को लू का भी सामना करना पड़ सकता है। वहीं, आज चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

बिहार के 10 जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के सभी हिस्से में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रभाव है। जो सतह से डेढ़ किलोमीटर ऊपरी हिस्से तक प्रवाहित हो रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी-पश्चिम चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सुपौल, अररिया, सहरसा, पूर्णिया सहित 10 जिलों में मध्य बारिश के आसार है। इस दौरान 22 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही वैशाली, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर सहित 18 जिलों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading