पूर्णिया के रिमांड होम से 12 बाल कै’दी फ’रार:गार्ड को बंधक बना चाबी छीनी, फिर दीवार फां’दकर भागे सभी; एक कै’दी प’कड़ाया

पूर्णिया के बाल सुधार गृह से बुधवार अहले सुबह करीब 4 बजे गार्ड को बंधक बनाकर 12 बच्चों के भागने का मामला प्रकाश में आया है। जबकि, 1 बच्चे को गार्ड ने खदेड़ कर पकड़ लिया। घटना के बाद अधिकारियों से लेकर जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रिमांड होम में कटिहार जिले के 28 व पूर्णिया जिले के 25 बच्चे हैं, लेकिन इन सभी बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ एक प्राइवेट गार्ड के भरोसे है।

घटना के बाद अधिकारी रिमांड होम पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। रिमांड होम के गार्ड राजेश यादव ने बताया कि वह सुबह 4 बजे बाथरूम गया था। तभी पहले से फिराक में बैठे 7 बाल कैदियों ने गमछा से उनका मुंह बंदकर जमकर मारपीट की।

मारपीट से वह बुरी तरह जख्मी हो गए। उसके बाद 12 बच्चे उनके जेब से चाभी लेकर मेन गेट खोलकर उत्तर तरफ का दीवार फांदकर ध्रुव उधान पार्क होते हुए भाग गए। राजेश ने बताया कि उसके बाद जैसे-तैसे बंधन को खोला और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर रिमांड होम के अधीक्षक व अन्य कर्मचारी मिलकर बच्चों को खोजने लगे, जिसमें एक बच्चा दीवार फांद नहीं सका और पकड़ा गया।

मामले में चाइल्ड प्रोटेक्ट ओफिसर राजेन्द्र निराला ने बताया कि केहाट थाना में मामला दर्ज कर बच्चों की खोज तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि साल 2019 में भी बालगृह में बच्चों ने फादर की गोली मारकर हत्या कर दी थी और 5 बच्चे भाग गए थे। उसी समय से बाल गृह के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.