मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2020-23 में नामांकित 20 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा फाॅर्म नहीं भरे। इस सत्र में विवि के विभिन्न काॅलेजों में 1.13 लाख विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था। 93 हजार नियमित छात्र-छात्राओं ने ही परीक्षा फाॅर्म भरा।
11,255 प्रमोटेड और फेल विद्यार्थी के साथ ही टैग वाले विषय व अन्य करीब पांच सौ छात्रों ने परीक्षा फार्म भरा। इन सबको मिलाकर करीब 1.05 लाख विद्यार्थी स्नातक की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रेगुलर के जिन 20 हजार विद्यार्थियों ने फाॅर्म नहीं भरे हैं, उनमें से आधे की कहीं नौकरी लग गई है तो कुछ उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे प्रदेशों में दाखिला ले चुके हैं।
विवि सूत्रों के अनुसार करीब तीन हजार से अधिक विद्यार्थी नामांकन प्रक्रिया को ठीक से नहीं समझ पाने के कारण फाॅर्म नहीं भर सके। इन विद्यार्थियों ने परीक्षा शुल्क भी जमा करा दिया, लेकिन काॅलेजों से फार्म लेने के बाद उसे वापस जमा नहीं कर सके।

इस कारण काॅलेजों ने ऐसे विद्यार्थियों का विवरण विवि को नहीं भेजा। अब परीक्षा शुरू हो चुकी है। इसके बाद छात्र-छात्राएं एडमिट कार्ड के लिए विवि पहुंच रहे हैं। गुरुवार को यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट एंड इंफार्मेशन सिस्टम (यूएमआइएस) कार्यालय में बड़ी संख्या में ऐसे छात्रों की भीड़ लगी रही।
यूएमआइएस कोआर्डिनेटर प्रो. टीके डे ने विद्यार्थियों को समझाया। साथ ही सिस्टम से मिलान करने के बाद उन्हें बताया कि उनका फाॅर्म जमा नहीं हो सका है। इस कारण एडमिट कार्ड काॅलेजों को नहीं भेजा गया। उन्होंने बताया कि एक लाख पांच हजार के करीब एडमिट कार्ड काॅलेजों को भेजा गया है।
