उत्‍तर ब‍िहार में बदला मौसम का म‍िजाज, बारिश की बन रही संभावना

मुजफ्फरपुर। उत्‍तर ब‍िहार के ज‍िलों में अचानक मौसम का म‍िजाज बदल गया है। एक द‍िन पहले तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। दोपहर में धूप निकली तो सड़क पर सन्नाटा रहा। शाम होते ही एक बार फिर रौनकता लौटी। धूप से बचने के लिए लोगों ने छाता व गमछा का सहारा लिया।

डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के वरीय वैज्ञानिक डा. ए. सत्तार ने बताया कि उत्तर बिहार के जिलों में एक-दो दिनों के बाद कई स्थानों पर गरज वाले बादल के साथ हल्की वर्षा होगी। बारिश के समय हवा की गति थोड़ी अधिक रहने का अनुमान है।

वैसे आमतौर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।

सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।

किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव में कहा गया है कि अगले एक-दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना को देखते हुए किसान तैयार गेहूं, मक्का तथा अरहर के दानों को सूखाकर सुरक्षित स्थानों पर भंडारित करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.