मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर शहर का विकास बेतरतीब तरीके से हो रहा। एक शहर में विकास के तीन स्वरूप देखने को मिल रहे हैं। यहां न तो एकीकृत मास्टर प्लान है और न विभागों में तालमेल। इससे शहर का अनियोजित विकास हो रहा है।शहर में अलग-अलग एजेंसियां अपने-अपने तरीके से निर्माण कार्य कर रही हैं। इनके बीच तालमेल नहीं है। इस कारण शहरवासियों को अलग-अलग इलाके में अलग-अलग तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
एक भाग के विकास का जिम्मा स्मार्ट सिटी मिशन को, दूसरे का नगर निगम और तीसरे भाग का पथ निर्माण विभाग व बुडको को है। इससे योजनाएं भी अलग-अलग बन रहीं।
शहर के एक भाग का विकास स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किया जा रहा है। इसमें सात सौ करोड़ रुपये से सड़क, नाला, पार्क, मन, स्टेडियम, आडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण का मानक राष्ट्रीय स्तर का रखना है।
वहीं दूसरी और शहर के कुछ इलाकों का विकास पथ निर्माण विभाग, बिहार आधारभूत संरचना निगम एवं अन्य विभागों द्वारा किया जा रहा। इसके तहत सड़क, नाला, आउटलेट, नदी घाट आदि का विकास किया जा रहा है।
बिना किसी तालमेल के शहर में तीन तरह से नालों का निर्माण किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में बन रहे नाले के साथ-साथ बिजली, केबल, गैस एवं पानी पाइपलाइन को ले जाने के लिए भी अंडर ग्राउंड चैनल बनाए जा रहे हैं। हरिसभा चौक से कल्याणी होते हुए नगर थाना तक स्मार्ट सड़क एवं नाला, बैरिया से ब्रह्मपुरा, इमलीचट़टी, स्टेशन होते हुए धर्मशाला चौक तक स्पाइनल रोड तथा धर्मशाला चौक से तिलक मैदान, टावर होते हुए अखाड़ाघाट तक स्पाइनल रोड व नाले का निर्माण हो रहा है। यहां सड़क से विद्युत एवं टेलीफोन पोल हटाए जा रहे हैं। सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
