बिहार के औरंगाबाद में सड़क पर खड़े खराब ट्रैक्टर ने दो जिंदगियों को निगल लिया। जिले के हसपुरा पीरु रोड में चिरैयाटांड़ के समीप एक ट्रैक्टर और बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना सोमवार देर रात की है।

मृतक शहजाद अंसारी और निसार शाह बताए जा रहे हैं। दोनों रघुनाथपुर गांव के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मो. नुमान अहमद, मुखिया फुरकान खां सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि और रघुनाथपुर गांव के सैंकड़ों लोग घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार चिरैयाटांड़ मोड़ के पास एक ट्रैक्टर खराब हो गया और बीच सड़क पर खड़ा था। बाइक चालक को

अंधेरा होने के कारण ट्रैक्टर का पता नहीं चल सका। पास पहुंचने पर जबतक वह बाइक को रोक पाता तबतक देर हो चुकी थी। हरबराहट में बाइक और ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर हो गयी। बाइक पर सवार शहजाद और निसार की मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात में ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों के परिजनों के लिए स्थानीय लोगों द्वारा उचित मुआवजे की मांग की जा रही है।
