शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में विजिलेंस ने छापेमारी की. इस दौरान पीआरएस को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. मामला जिले के अरियरी प्रखंड से जुड़ा है. गिरफ्तार पंचायत रोजगार सेवक (PRS) चवाड़ा प्रखंड के कपासी गांव का निवासी है, जो अरियरी प्रखंड में कार्यरत है.

तीस हजार घूस लेते गिरफ्तार
विजिलेंस की कार्रवाई के मुताबिक पंचायत रोजगार सेवक को 30 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. हालांकि रोजगार सेवक किस मामले में घूस ले रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद से अरियरी प्रखंड में चर्चा का दौर शुरू हो गया है.

गिरफ्तारी के बाद पटना ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम पंचायत रोजगार सेवक पप्पू कुमार उर्फ प्रफुल्ल को अपने साथ पटना ले गई है. पटना में आरोपी से पूछताछ की जाएगी. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

लगातार कार्रवाई कर रही विजिलेंस
बता दें कि बिहार विजिलेंस की टीम भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसको लेकर विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है, जहां आप भ्रष्टाचार या फिर घूस मांगने की शिकायत कर सकते हैं. बिहार विजिलेंस सोशल मीडिया के माध्यम से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रहा है.


