मुजफ्फरपुर : पूर्व मध्य रेलवे की सभी 42 ट्रेनों में बेडरोल मिलने लगेगा। सात जुलाई तक उन सभी ट्रेनों के (एसी) कोच में यात्रियों को बेडरोल मिलने लगेगा, जिसमें अभी बेडरोल नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। 4 ट्रेनों में 27 मई तो बाकी 11 ट्रेनों में 7 जुलाई से बेडरोल उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली दरंभगा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस और सहरसा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन शामिल भी है।
पूर्व मध्य रेलवे की 42 ट्रेनों के एसी कोच में यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराने का प्रावधान है, जिनमें से 20 ट्रेनों में ही अभी यात्रियों को बेडरोल की सुविधा दी जा रही है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो पर्याप्त संख्या में आपूर्तिकर्ता चादर-कंबल की आपूर्ति नहीं करा पा रहे हैं।
इससे सभी ट्रेनों के यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। बोर्ड के आदेश के डेढ़ माह बाद भी सभी ट्रेनों में बेडरोल उपलब्ध नहीं होने से आए दिन यात्री अपना गुस्सा ट्रेन में तैनात कर्मियों पर उतारते हैं। पूर्व मध्य रेल के पांच मंडलीय क्षेत्र से खुलने वाली 42 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों में बेडरोल उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
कोरोना काल में बेडरोल सुविधा बंद कर दी गई थी। स्थिति सामान्य होने के बाद 10 मार्च को रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर लंबी दूरी की ट्रेनों में बेडरोल उपलब्ध कराने को कहा। इस बीच दो साल के अंदर रेलवे में उपलब्ध बेडरोल खराब हो गए। दरअसल, धुलाई की शर्त ऐसी रखी गई कि पूर्व की कई एजेंसियां बेडरोल धुलाई के लिए तैयार नहीं हुई। नए सिरे से बेडरोल की आपूर्ति के लिए भी आपूर्तिकर्ता और अधिक समय की मांग कर रहे हैं।

