पटना। शिक्षक बनने की चाहत रखने वाले युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। स्कूलों में शिक्षकों के लिए जल्दी वैकेंसी आने वाली है। शिक्षा विभाग ने सातवें चरण में शिक्षक नियोजन शुरू करने के लिए 30 जून तक प्राथमिक और मध्य विद्यालय वार रिक्त पदों की जानकारी मांगी है।

सातवें चरण का शिक्षक नियोजन शुरू करने के लिए आंदोलन भी चल रहा है। विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा कि ‘अगले चरण की तैयारी के लिए पत्र जारी कर दिया गया है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक जारी कर दिया जाए।’ इसका मतलब यह निकाला जा रहा है कि जुलाई के अंत या अगस्त शुरू में वैकेंसी आ जाएगी।
सातवें चरण की बहाली को लेकर प्राथमिक निदेशालय ने सभी डीईओ और डीपीओ को निर्देश दिया है। नियोजन की प्रक्रिया से संबंधित व्यापक सूचना जुलाई के अंत तक जारी कर दी जाएगी। जानकारी है कि 31 मार्च 2022 की स्थिति में स्कूल व नियोजन इकाईवार रिक्त पदों की गणना करनी है। डीईओ को रोस्टर बिंदु के क्लीयरेंस के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया गया है। पोर्टल पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई निश्चित की गई है।
बताया जा रहा है कि छठे चरण के खाली रह गए 48 हजार सीटों को इसी वैकेंसी में जोड़ने की उम्मीद है। कुल मिलाकर 80 हजार रिक्त पदों पर वैकेंसी आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने सातवें चरण की बहाली शुरू करने को लेकर धरना दे रहे युवाओं से अपील की है कि वे धरना खत्म कर दें। टीईटी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमित विक्रम ने मांग की है कि मध्य विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की बहाली सरकार द्वारा किया जाए।
