जब भरी क्‍लास में टीचर ने DM साहब से पूछा- हू आर यू? जानें क्‍या मिला जवाब

कटिहार : बिहार के कटिहार जिले में एक दिलचस्‍प वाकया सामने आया है। जिले के कलेक्‍टर उदयन मिश्रा अचानक एक स्‍कूल के क्‍लासरूम में चुपचाप प्रवेश कर गए और सबसे आखिरी बेंच पर छात्रों संग बैठ गए।

कटिहार के कलेक्‍टर उदयन मिश्रा (सफेद शर्ट में) चुपके से फिजिक्‍स की क्‍लास में छात्रों संग बैठ गए. (न्‍यूज 18 हिन्‍दी)

उस वक्‍त नीतीश नाम के शिक्षक भौतिकी की क्‍लास ले रहे थे। जब उनकी नजर क्‍लास में एक अंजान शख्‍स पर पड़ी तो उन्‍होंने पूछा हू आर यू? इस पर जब कलेक्‍टर साहब ने अपना परिचय दिया तो शिक्षक के साथ क्‍लास में मौजूद छात्र भी आश्‍चर्यचकित रह गए।

हालांकि, कलेक्‍टर उदयन मिश्रा टीचर की पढ़ाने की शैली से काफी प्रसन्‍न हुए। उन्‍होंने लगे हाथ छात्रों से गति के बारे में सवाल किया। छात्रों के सटीक जवाब सुनकर कटिहार के DM साहब बहुत खुश हुए। यह नजारा था कुर्सेला के अयोध्‍या प्रसाद विद्यालय के स्‍मार्ट क्‍लास का।

दरअसल, मुख्‍य सचिव के निर्देश पर कटिहार के कलेक्‍टर उदयन मिश्रा समेत तमाम आलाधिकारी स्‍कूलों का औचक निरीक्षण करने निकले थे। डीएम साहब खुद कुर्सेला के अयोध्‍या प्रसाद विद्यालय पहुंचे थे। वहां वह पिछले दरवाजे से चुपचाप क्‍लासरूम में प्रवेश कर गए और आखिरी बेंच पर जाकर छात्रों संग बैठ गए थे।

अब उनका यह तरीका और फिजिक्‍स की क्‍लास ले रहे शिक्षक नीतीश के रवैये की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। कलेक्‍टर ने बताया कि स्‍कूलों में शिक्षा की गुणवत्‍ता और पठन-पाठन के तौर-तरीकों का पता लगाने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार किए जाएंगे।  डीएम के अलावा अन्‍य अधिकारियों ने भी जिले के स्‍कूलों का औचक निरीक्षण किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.