मुजफ्फरपुर। जिले में चल रहे सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। इस संबंध में डीएम प्रणव कुमार ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। उन्होने बेला औद्योगिक क्षेत्र में अंशुल स्नैक्स एंड विवरेज प्रालि में पिछले वर्ष हुई बायलर हादसे जैसे घटना को रोकने को लेकर यह आदेश दिया है।
इसमें राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा जारी आदेश का अनुपालन करने को कहा है। मालूम हो कि 25 दिसंबर 2021 को उक्त फैक्ट्री में बायलर फटने से सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा दस लोग घायल हो गए थे।
मीडिया में खबर आने के बाद एनजीटी ने इसपर संज्ञान लिया था। सुनवाई के बाद मृतक के स्वजन और घायलों को मुआवजा दिए जाने के साथ इस तरह की घटना को रोकने के लिए आदेश जारी किए थे। इसके आलोक में डीएम ने आदेश जारी किया।
डीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि टीम औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षात्मक पहलुओं को सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया का पालन कराएगी। औद्योगिक इकाइयों का सेफ्टी और फायर आडिट किया जाएगा। बायलर की सक्षम प्राधिकार से अधिक से अधिक जांच की जाए।
इकाइयों की आपातकालीन योजना बनाई जाए। आपात परिस्थितयों से निपटने के लिए मानवबल का प्रशिक्षण और क्षमतावद्र्धन किया जाए। दैनिक मजदूरों और अन्य कर्मियों के लिए औद्योगिक सुरक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम हो रहे या नहीं। दो औद्योगिक इकाइयों के बीच उचित दूरी रखी जाए। औद्योगिक क्षेत्र से आबादी एवं अन्य गतिविधियों को दूर रखा जाए।
