जमीन विवाद और मारपीट मामले में गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल उर्फ नरेंद्र कुमार नीरज और उनके समर्थकों पर शीश महल होटल के मालिक धनंजय यादव के बयान पर बरारी थाने में जमीन हड़पने और मारपीट करने को लेकर केस दर्ज किया गया है।

धनंजय यादव ने मायागंज में इलाज कराने के दौरान दिये बयान में कहा है एक जून को बरारी स्थित उनकी जमीन पर हरवे-हथियार से लैस होकर विधायक गोपाल मंडल, राजेश पांडेय, अजीत कुमार मिश्रा उर्फ बबलू समेत 20-30 लोग मापी करवा रहे थे।

इसका विरोध करने पर विधायक ने गाली-गलौज कर मारपीट की। विधायक के बॉडीगार्ड ने कनपटी पर पिस्तौल सटा दिया और मारने की धमकी दी।

इस मामले में विधायक गोपाल मंडल शुक्रवार को डीआईजी विवेकानंद से मिले। विधायक ने कहा कि उन्होंने उक्त जमीन का अपने बेटे के नाम से एग्रीमेंट कराया है जिसका सारा दस्तावेज उनके पास है।

फिर भी विपक्षी उस पर दावा कर रहे हैं। विधायक ने पूरे मामले की जांच की मांग डीआईजी से की है। डीआईजी ने इस मामले की जांच का उन्हें आश्वासन दिया।
