निगम कर्मचारियों को जुलाई माह से मिलेगा सप्तम वेतनमान

मुजफ्फरपुर। नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों को जुलाई माह से सप्ताह वेतनमान मिलेगा। दैनिक मजदूरों के साथ-साथ अतिरिक्त व संविदा पर बहाल कर्मियों के दैनिक पारिश्रमिक में 40 रुपये की वृद्धि होगी। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय एवं नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच दो दौर की वार्ता के बाद हुए इस समझौते के बाद निगम की हड़ताल समाप्त हो गई है।

 

नगर निगम कर्मचारी संघ ने सातवां वेतनमान भुगतान करने, दैनिक व संविदा मजदूरों के पारिश्रमिक में वृद्धि एवं बकाए अंतर वेतन राशि के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार से काम पूरी तरह से ठप करने का एलान किया था।

कर्मचारियों ने नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले सुबह कार्यालय में तालाबंदी कर दी और नगर आयुक्त के कार्यालय के कक्ष के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि नगर निगम कामगार यूनियन के हड़ताल में शामिल नहीं होने के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पर खास प्रभाव नहीं पड़ा।

दोपहर में नगर आयुक्त के बुलाने पर संघ की ओर से अध्यक्ष सुशील कुमार, मंत्री सतेंद्र कुमार सिंह, नूर आलम, उषा राम, गरीबनाथ भगत एवं दिलीप राम ने वार्ता में भाग लिया। पहली बार वार्ता में बात नहीं बनने पर फिर दोबारा वार्ता हुई तब जाकर सहमति बनी। समझौते के अनुसार नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्णय तथा सशक्त स्थायी समिति व बोर्ड के फैसले के आलोक में निगम के स्थायी कर्मचारियों को सप्तम वेतनमान सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जुलाई माह से दिया जाएगा।

निगम में कार्यरत दैनिक पारिश्रमिक, अतिरिक्त एवं आउट सोर्सिंग कर्मी को प्रति कार्य दिवस दैनिक पारिश्रमिक के अतिरिक्त 40 रुपये प्रतिदिन कल्याण भत्ता के रूप में दिया जाएगा। विशेष अभियान चलाकर कर संग्रहण किया जाएगा ताकि चरणबद्ध तरीके से बकाए अंतर वेतन राशि का भुगतान किया जा सके। समझौते के बाद कर्मचारी संघ के मंत्री ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading