बिहार के बेगूसराय में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दो बारातियों की मौत हो गयी। दुर्घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक जख्मी ही गए। सभी घटनाएं गुरुवार की रात हैं। पहली घटना नगर थाना क्षेत्र तो दूसरी घटना शुक्रवार अहले सुबह साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार नगर थाना के महमदपुर के समीप तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इसमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुजा गांव के रहने वाले पूर्व पंसस रामाशीष साह के 30 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार की मौत हो गयी।

जबकि सुजा पंचायत पूर्व मुखिया त्रिभुवन राय का पुत्र व डाटा ऑपरेटर विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया।

परिजनों ने बताया कि सुजा निवासी गोरेलाल महतो के पुत्र की शादी में शामिल होने के लिए आलोक व विकास एक बाइक पर सवार होकर सुजा गांव से रिफाइनरी ओपी क्षेत्र के मोसादपुर गांव बाराती जा रहे थे। उसी दौरान महमदपुर के निकट स्थित एनएच- 31 पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे आम से लदे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने दोनों को रौंद डाला।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल विकास को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया। जहां जख्मी की स्थिति नाजुक देख सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। उधर, साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के कुरहा ढाला के समीप एनएच- 31 पर खड़ी ट्रक में बोलेरो ने जोर से ठोकर मार दी। इसमें आहोक रजौरा गांव के रहने वाले राजीव झा की मौत हो गई। वहीं घायलों में सतीश कुमार, बृजेश कुमार, नीरज कुमार, माधव ठाकुर, पिंटू कुमार, हीरा कुमार आदि है। आनन- फानन में साहेबपुर कमाल थाने की गश्ती दल ने सभी जख्मियों को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां सभी की स्थिति नाजुक देखकर इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

मृतक सहित सभी जख्मी खगड़िया एवं आहोक राजौरा के बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि खगड़िया के आहोक रजौरा गांव से तेघड़ा बारात गयी थी। बारात से सभी लोग बोलेरो पर सवार होकर आहोक रजौरा लौट रहे थे। उसी दौरान साहेबपुर कमाल थाना के कुरहा ढाला के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गया। घायलों ने बताया कि बारात लौटने के दौरान बोलेरो चालक को झपकी आ गई थी। उसी दौरान खड़ी ट्रक में बोलेरो जा टकराया।