मुजफ्फरपुर : जिले में अभी भी नौ लाख 39 हजार लोगों को कोरोना टीका का प्रथम डोज नहीं पड़ा है। छूटे हुए लोगों की पहचान स्वास्थ्य विभाग नहीं कर पा रहा है। ऐसे लोग कोरोना संक्रमण के वाहक हो सकते है। हालांकि इन्हें खोज पाना विभाग के लिए चुनौती है।
टीकाकरण में जिला फिसड्डी साबित हो रहा है। सूबे में मुजफ्फरपुर का स्थान 31 वां है। बार-बार टीका का महाअभियान चलाने के बाद भी मुजफ्फरपुर में टीकाकरण अपेक्षाकृत बढ़ नहीं रहा है।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने जिले को 41 लाख 42 हजार 239 लोगों को कोरोना टीकाकरण के पहले डोज का लक्ष्य दिया था, जिसमें अब तक 32 लाख 3 हजार 711 लोगों को ही टीका दिया गया है।
दूसरे डोज की बात करें तो जिले में अब तक 25 लाख 53 हजार 381 लोगों को ही टीका पड़ा है। इसमें भी करीब सात लाख लोग टीका से वंचित है।

