शेखपुरा में फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के सहारे शिक्षक की नौकरी करते पकड़े गए तीन शिक्षिका सहित चार शिक्षकों का वेतन बंद कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के सूत्रों ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी सह डीपीओ स्थापना रंजीत पासवान ने उन शिक्षकों का वेतन बंद किया है। इनके विरुद्ध निगरानी विभाग बिहार पटना के पुलिस इंस्पेक्टर सिकंदर मंडल द्वारा शेखपुरा जिला के विभिन्न थानों में अलग -अलग प्राथमिकी कुछ दिन पहले दर्ज कराई थी।
पिछले दिनों निगरानी विभाग के पुलिस इंस्पेक्टर ने अरियरी प्रखंड के मध्य विद्यालय वरुणा में पदस्थापित शिक्षिका प्रीति कुमारी , मध्य विद्यालय वरुणी की शिक्षिका ममता कुमारी , सदर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय मध्य विद्यालय कोसरा के शिक्षक सुधीर कुमार और शेखोपुर सराय प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय दरोगी बीघा में पदस्थापित शिक्षिका पुष्पा कुमारी के विरुद्ध अलग -अलग थानों में जालसाजी कर शिक्षक की नौकरी हथियाने का आरोप लगाने का आरोप लगाया था।
ये नियोजित शिक्षक गण आठ से पंद्रह साल से शिक्षक की नौकरी कर वेतन उठा रहे थे। वर्ष 2016 में पटना हाई कोर्ट के आदेश पर जिले के सभी नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच निगरानी विभाग को सौंपा गया था। निगरानी विभाग के द्वारा जांच के दौरान जिले के चार शिक्षक और शिक्षिकाओ का सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया था।
सूत्रों ने बताया कि इन चारो शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन की भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।उन्होंने बताया कि थाना पुलिस से डीईओ कार्यालय को रिपोर्ट मिलते ही सभी शिक्षकों को निलंबित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

