नवादा ; 88वां बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 का आयोजन किया गया था। इस चैंपियनशिप में नवादा के रहने वाले राहुल ने दो विभिन्न दौड़ प्रतिस्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता है। इस एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 का आयोजन 29 से 31 जुलाई तक पटना के पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में किया गया था।

इस चैंपियनशिप में बिहार के सभी जिलों से प्रतियोगी आये हुए थे। बताया जा रहा है कि राहुल ने 400 मीटर की फ्लैट एवं 400 मीटर की बाधा दौड़ दोनों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। राहुल ने दौड़ की शुरुआत इंटर विद्यालय हिसुआ में अमन कुमार के देखरेख में की है। हिसुआ में फिजिकल एकेडमी में रहकर राहुल ने पहले छोटे ग्राउंड को नापा उसके पश्चात अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए वह 4 महीने पहले पटना के लिए रवाना हो गया था। पटना में उसने दौड़ के लिए कोच एवं गुरु रितेश कुमार के पास ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल दौड़ ही नहीं बल्कि हाई जम्प एवं कबड्ड़ी के खेल में भी माहिर है। इसके साथ ही पटना में ही आयोजित हाई जम्प में स्टेट लेवल पर प्रथम स्थान हासिल किया है। राहुल मूल रूप से नरहट प्रखंड के नारायणपुर निवासी नागेंद्र कुमार एवं बेबी देवी का बेटा है। उसने पटना में ही आयोजित हाई जम्प में स्टेट लेवल पर प्रथम स्थान भी हासिल किया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल शुरुआत में हिसुआ में रहकर दौड़ की तैयारी किया करता था। राहुल की कड़ी मेहनत और खुली आंखों से सपने देखना और उसको पूरा करने की चाहत ने राहुल को उसके सपनों को पूरा करने में काफी मदद की है। राहुल की आंखों में जीतने का वो जज्बा काफी लोगों को उनके सपनों को पूरा करने में प्रोत्साहित करती है। राहुल ने बताया कि इस बार ईस्ट ज़ोन का दौड़ पटना में ही होना है । उसमें उनकी पूरी कोशिश रहेगी के वो गोल्ड मेडल जीत कर लाएं।



