नई दरों पर घाटों के ई-नीलामी की तैयारी, बिहार में फिर से महंगा हो सकता है बालू

पटना. बिहार में एक बार फिर से बालू महंगा हो सकता है. दरअसल पटना के 91 बालू घाटों की नई दर से ई नीलामी की तैयारी हो गई है, पटना जिला प्रशासन ने खनन विभाग को रिपोर्ट सौंप दी है. जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन में पहले साल के लिए सुरक्षित जमा राशि का निर्धारण खनन योग्य बालू की मात्रा को नए स्वामित्व दर से गुना कर निर्धारित करने की स्वीकृति दी गई है.

पटना सहित बिहार के अन्य जिलों में बालू महंगा हो सकता है (सांकेतिक चित्र)

जिन 91 बालू घाटों की नई दर से ई नीलामी की जानी है उनमें पुनपुन के 36 घाट, सोन नदी के 22 घाट, गंगा नदी के 29 घाट, और दरधा नदी के 4 घाट शामिल हैं. इन सभी घाटों की ई नीलामी अगले पांच सालों के लिए की जायेगी. यह दर नए सीजन के लिए लागू होगा. माना जा रहा है कि नई दर पर ई नीलामी होने के बाद बालू की कीमत में इजाफा हो सकता है. सरकार द्वारा रॉयल्टी बढ़ाने के कारण बालू की कीमत बढ़ने की संभावना है.

नई दर पर बालू घाटों की ई नीलामी होने से पहले फिलहाल सभी 91 घाटों पर पुरानी कीमतों पर ही बालू की बिक्री जारी रहेगी. फिलहाल पटना के सभी जगहों को मिलाकर 49 लाख सीएफटी बालू का स्टॉक मौजूद है. स्टॉक प्वाइंट से बालू 4778 रुपये की दर से मिलेगा. माना जा रहा है कि नई दर के बाद यह कीमत बढ़ सकती है.

फिलहाल कई घाटों से अवैध उत्खनन की सूचना लगातार मिलती रही है. अवैध उत्खनन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कारवाई का निर्देश दिया है. पिछले दिनों डीएम चंद्रशेखर सिंह ने खनन टास्क फोर्स की बैठक के दौरान अवैध खनन के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कारवाई करने का निर्देश दिया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.