डांस ऑडिशन के बहाने महिला को होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और युवक ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इससे वह वायरल करने की धमकी देने लगा। युवती की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली की 37 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2021 में बिहार निवासी एक युवक से हुई थी। महिला को एक्टिंग का शौक था। इस पर युवक ने उसे एक्टिंग व डांस में करियर बनाने में मदद करने की बात कही। आरोप है कि उसे डांस ऑडिशन के बहाने दिसंबर 2021 में गुरुग्राम के होटल में बुलाया। यहां युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी ने उसका वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ गलत काम किया। विरोध किया तो आरोपी ने उसे जाने से मारने की धमकी दी। युवती ने घटना की शिकायत दिल्ली पुलिस को दी। दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के लिए गुरुग्राम भेज दी है।

ऐप से लोन लेने वाली युवती के आपत्तिजनक फोटो रिश्तेदारों को भेजे
गुरुग्राम मोबाइल ऐप से लोन देने वालों की कंपनियों की मनमानी के मामले थमते नहीं दिख रहे हैं। आरोप है कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने लोन लेने वाली युवती का आपत्तिजनक फोटो बनाकर उसके रिश्तेदारों और दोस्तों को वॉट्सऐप कर दिए। साइबर थाना ईस्ट ने युवती की शिकायत पर शनिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएलएफ फेज-3 निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने मोबाइल ऐप के जरिए 5400 रुपये का लोन लिया था। लोन को वापस करने के लिए उसने किस्त बनवाई थी। आरोप है कि लोन रिकवरी के लिए उन्हें और उनके रिश्तेदारों के पास लगातार फोन आने लगे। आरोप है कि लोन कंपनी के कर्मचारियों ने एडिट कर फर्जी तरीके से उसकी आपत्तिजनक फोटो बना ली और उसे वायरल कर दिया।

14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच उनके रिश्तेदारों और दोस्तों को फोटो भेजकर वायरल कर दी। उसे फोटो के नाम पर ब्लैकमेल करके रुपयों की मांग की जाने लगी। इस पर युवती ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

