पटना : बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला है. बीजेपी के फायरब्रांड विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार फ्यूज ब्लब के झालर को इकट्ठा कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष एक साथ हो जाएगा इसकी संभावना काफी कम है.

जात पात की राजनीति नहीं चलेगी
हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार मिलकर बिहार की जनता से झूठ बोल रहे है. बिहार में जनता अब जात पात की राजनीति पर विश्वास नहीं करती है. तेजस्वी और नीतीश कुमार लगातार मुस्लिम तुष्टिकरण और जात पात का भेदभाव कर चुनाव में लोगों को अपनी तरफ लाने का विफल प्रयास कर रहे हैं. वो कभी भी सफल नहीं होंगे.

‘तेजस्वी यादव कहते हैं कि 2024 में बीजेपी को बिहार में एक भी सीट नहीं आएगी. भविष्य की बात छोड़िए ये बताइए तेजस्वी जी अभी लोकसभा में आपकी पार्टी के कितने सांसद हैं, एक भी नहीं. आप जिस तरह से बात करते हैं वह हास्यास्पद है. तुष्टिकरण की राजनीति अब और नहीं चलेगी. जनता सब देख रही है.

नीतीश जी का चेहरा सब कुछ बयां कर रहा..
बीजेपी विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार फ्यूज बल्ब के झालर को एक साथ लाना चाह रहे हैं. अगर विपक्ष एकजुट भी होता है, तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा. इस बार तो पहले ही नीतीश कुमार को झटका लग गया है. अपने आपको को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाने सोनिया से मिलने गए थे और मुंह लटका के पटना भाग आए. उनके चेहरे को देखने से साफ पता चल जाएगा कि क्या से क्या हो गए हैं. कहां जाकर फंस गए, अब उन्हें पता चल रहा है.

देश की जनता PM मोदी को कर रही पसंद
बचोल ने साफ-साफ कहा कि देश की जनता के लिए प्रधानमंत्री ने जो काम किया है उससे जनता खुश है. जनता अगला प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को ही देखना पसंद करती है. ऐसे में जो बात विपक्ष में बैठे लोग कर रहें है, ये ख्याली पुलाव पका रहे हैं. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का चेहरा पर हवाई उड़ा हुआ है. उनके दल के नेता अनर्गल बयान दे रहे हैं.



