वैशाली:शारदीय नवरात्र के अवसर पर भक्त भिन्न-भिन्न ढंग से मां दुर्गा की आराधना में लीन रहते हैं. कोई फलाहार तो कोई निराहार व्रत रहता है. कई भक्त नमक त्याग कर दुर्गा पूजा के अवसर पर व्रत रखते हैं. ऐसा ही एक मामला वैशाली से आया है. जहां एक महिला की मनोकामना पूर्ण हुई. लालगंज हाजीपुर मुख्य मार्ग के बगल में चांदी केवारा के पास स्थित भगवान शिव मंदिर में एक महिला सीने पर कलश स्थापित कर देवी दुर्गा की आराधना में लीन . उसे देखने के लिए आस-पास के साथ ही दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं.
![]()
मनोकामना पूर्ण होने पर सीने पर कलश किया स्थापित
मान्यता है कि नारी शक्ति की पूजा नवरात्रि में की जाती है. ऐसे में अगर नारी ही सीने पर कलश रखकर मां की आराधना में लीन है तो जाहिर है इसे देखने लोग दूर-दूर से आएंगे ही. बताया जा रहा है कि विपिन सिंह किसी मामले में फंस गए थे, जिससे छुटकारा के लिए उनकी पत्नी सपना सिंह ने माता रानी से मनौती मांगी थी. मनौती पूरी होने के बाद वो सीने पर कलश स्थापित कर नवरात्रा में दुर्गा की पूजा कर रही हैं.

मन्नत पूरी होने पर मां दुर्गा की कठिन उपासना
सपना सिंह के सीने पर स्थापित कलश के नीचे जयंती लहलहा रही है. आसपास के लोग वहां भजन-कीर्तन कर रहे हैं. इस विषय में सपना सिंह के पति विपिन सिंह ने बताया कि मन्नत पूरी हुई तो अपना फर्ज निभा रही हैं. क्योंकि जो मन्नत मांगी थी, वो पूरी हो चुकी है. मैं उनका पति हूं और मैं किसी मामले में फंस गया था. वो मन्नत मांगी और मैं मामले से बाहर निकल गया. इसके बाद वो कलश सीने पर रखकर आराधना कर रही हैं. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मां दुर्गा की शक्ति यहां साक्षात दिख रही है. वरना बिना अन्न-पानी के कोई सीने पर कलश रखकर कैसे 9 दिनों तक रह सकता है.



