पेड़ से लटक रहा था 15 फीट का अजगर, टहनी समझकर करीब गए ग्रामीण

सीवान :बिहार के सीवान जिले में विशाल अजगर मिलने से दहशत का माहौल कायम हो गया. इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. यह मामला जिले के हबीब नगर गांव की है. जहां 15 फीट का विशाल अजगर पेड़ से लटका हुआ था. वहीं सड़क से आवागमन कर रहे लोगों की नजर पेड़ पर लटके हुए सांप पर पड़ी. पहले तो लोग उसे पेड़ की टहनी समझ रहे थे.

हालांकि जब करीब गए तो मालूम पड़ा कि यह तो अजगर सांप है. ग्रामीण पहली बार इतने बड़े अजगर सांप को देख हक्का-बक्का रह गए. डर की वजह से लोग पेड़ से कुछ दूरी बनाकर खड़े हो गये. जो भी इस रास्ते से गुजर रहे थे अजगर को देखने के लिए रूक जा रहे थे. अजगर सांप निकलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई. देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने लगी. हालांकि डर की वजह से कोई सांप के पास नहीं जा रहा था. हालांकि काफी मशक्कत के बाद लोगों ने पकड़ कर वन विभाग को सौंप दिया.


नदी से सांप के आने की जताई गई आशंका

सीवान के हबीब नगर गांव के पास से ही दहा नदी और नहर गुजरती है. स्थानीय लोग आशंका जाहिर कर रहे हैं कि विशाल अजगर सांप बाढ़ में बहकर नदी या नहर के रास्ते यहां पहुंच गया है. जिसके बाद सांप गांव में प्रवेश कर गया. लोगों का कहना था कि इससे पहले इतना विशाल अजगर सांप गांव में देखने को नहीं मिला था. पहली बार इतने बड़े सांप को गांव के वृक्ष पर देखा गया. गनीमत रही कि समय रहते सांप पर लोगों की नजर पड़ गई और उसे रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया गया. अन्यथा यह सांप लोगों को नुकसान भी पहुंचा सकता था.



जिले में अजगर सांप निकलने की यह तीसरी घटना

सीवान जिले में अजगर सांप निकलने की यह तीसरी घटना है. इस साल सबसे पहले अजगर सांप झरही नदी में देखा गया था. जो लगभग 8 फीट का था. वहीं दूसरी बार गुठनी प्रखंड के नहर में देखने को मिला था. जहां ग्रामीणों ने मछली समझकर नहर से 12 फीट लंबे अजगर को पकड़ लिया था. वहीं तीसरा मामला सिवान के हबीब नगर से आई है. जहां लोगों ने अजगर सांप को पेड़ से लटके देखा और पकड़ कर बोरे में रख लिया. वन विभाग की टीम को बुलाकर सौंप दिया गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading