पटना : नवग्रहों में गुरु या बृहस्पति को श्रेष्ठ माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गुरु की राशि धनु और मीन है। नवग्रहों में बृहस्पति को गुरु की उपाधि प्राप्त है। गुरु ग्रह के अस्त होने से सारे मांगलिक कार्य बंद हो जाते हैं। नवग्रहों में गुरु की बड़ी महत्ता है।
ज्योतिष के अनुसार 24 नवंबर को गुरु अपने स्वराशि मीन में मार्गी हो जाएंगे। ऐसे में 12 राशियों में चार राशि वाले लोगों को हर क्षेत्र में सफलता और आर्थिक लाभ के संयोग बन रहा है। ज्योतिष आचार्य पीके युग के मुताबिक गुरु मीन राशि में 24 नवंबर को मार्गी होने के बाद वृषभ, कर्क, वृश्चिक व मीन राशि वालों को हर क्षेत्र में सफलता दिलाएंगे।
गुुरु के मार्गी होने के बाद वृषभ राशि वाले लोगों को हर कार्य में सफलता मिलेगी। धन लाभ के कई योग बनेंगे। भाग्य का साथ बना रहेगा। नौकरी व व्यापार में तरक्की के योग बनेंगे। वहीं कर्क राशि वाले को गुरु का मार्गी होना शुभ रहेगा। नए अवसरों की प्राप्ति होने के साथ सुख-समृद्धि में वृद्धि होगी। घर परिवार में मांगलिक कार्य होने के साथ सभी का सहयोग मिलेगा।
वृश्चिक राशि वाले के लिए नौकरी व व्यापार में वृद्धि होगी। घर परिवार का साथ मिलने के साथ हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी। इस दौरान नए कार्य आरंभ करना शुभ होगा।
कार्यस्थल पर अधिकारियों का सहयाेग मिलेगा। वहीं मीन राशि वाले लोगों को नए अवसर मिलेंगे। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में आपका मेहनत रंग लाएगी। घर से बाहर किसी तीर्थ स्थल पर जाने के लिए शुभ संयोग बना रहेगा।
वहीं अन्य राशियों से जुड़े लोगों को थाेड़ी-बहुत परेशानी होगी। गुरु को प्रसन्न करने के लिए बड़े-बुजुर्गो की सेवा करने के साथ महिलाओं के सम्मान का ख्याल रखना होगा। गुरुवार को ईशान कोण की साफ-सफाई जरूरी है।
गुरु के कमजोर होने से विभिन्न प्रकार की परेशानी लोगों को सताने लगती है। गुुरुवार के दिन पीले वस्तुओं का दान करना शुभ होता है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को दूर करने के लिए गुरुवार के दिन केले के वृक्ष की पूजा व घरों में सत्यनारायण की पूजा करने से गुरु की कृपा बनी रहती है।



