पटना. बिहार सहित देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है. शादी के सीजन में लोग अपने-अपने शौक और बजट के हिसाब से खर्च भी करते हैं. बिहार की राजधानी पटना में एक ऐसी ही शादी हुई जो दूल्हे के अनोखे शौक के कारण पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. मामला दानापुर का है जहां फुलवारीशरीफ में हुई इस शादी में दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने गाड़ी और घोड़ी से नहीं बल्कि हेलिकॉप्टर से पहुंचा.
(2).jpg)
हेलिकॉप्टर से शादी करने पहुंचे दूल्हा पेश से डॉक्टर है जिसने अपने पिता के सपनों को साकार करने के लिए हेलिकॉप्टर से बारात लाई. पटना के परसा बाजार से उड़ा हेलिकॉप्टर फुलवारी में लैंड हुआ तो इस बारात को देखने लोगों की भीड़ उमड़ी पड़ी. परसा के रहने वाले दूल्हे डॉक्टर प्रभात ने बताया कि हमारे पिता का यह सपना था कि हेलिकॉप्टर से मैं उनको अपनी बारात में ले जाउं. पिता भी बारात जाना चाहते थे लेकिन डॉक्टर प्रभात की शादी से पहले ही उनके पिता को मृत्यु हो गई थी और उनका सपना धरा के धारा रह गया था, लेकिन दूल्हा बने डॉक्टर ने इस सपने को साकार किया.
पिता की मौत हो जाने के कारण उनकी जगह वो अपनी मां को हेलिकॉप्टर से लेकर बारात में पहुंचा और अपनी दुल्हनिया को भी उड़नखटोले से विदा कराकर ले गया. पिता के सपनों को साकार करने के लिए डॉक्टर पुत्र ने अपने घर से हेलिकॉप्टर उड़वाया. बारात फुलवारी शरीफ के मित्र मंडल कॉलोनी के रहने वाले श्याम बिहारी के घर पहुंची. उनकी पुत्री कुमारी निशी से शादी के लिए जब उड़न खटोला से दूल्हे राजा उतरे तो आसपास के लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया.

दूल्हे के उड़नखटोला को देखने के बाद लड़कीवालों ने कहा कि हमारा सीना भी चौड़ा हो गया क्योंकि हमारी बेटी का जीवन साथी हेलिकॉप्टर से बारात लेकर आए. दूल्हे की मां उर्मिला देवी भी इस दौरान पति को याद कर भावुक हो उठीं. उन्होंने आंखों से निकल रहे आंसुओं को पोछते हुए कहा कि हमारे पति का जो सपना था आज मेरे बेटे ने पूरा किया. दुल्हन कुमारी निशी के पिता श्याम बिहारी यादव का कहना है कि हमारे दामाद ने हमारा सम्मान और बढ़ा दिया और हेलिकॉप्टर से बारात लाये तो पूरे इलाके में हमारा नाम हुआ.





