मुजफ्फरपुर : कई माह से बंद तिरहुत रेंज के आइजी का व्हाट्सएप शिकायत पोर्टल का नंबर पुन: चालू किया जाएगा। वर्तमान में रेंज आइजी पंकज सिन्हा ने इसकी कवायद शुरू करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को पार्टल के मोबाइल नंबर पर एक आरक्षी को अविलंब प्रतिनियुक्ति करने को कहा है।
इससे पहे जिस महिला आरक्षी की उस जगह प्रतिनियुक्ति थी, वह सार्जेंट पद पर चयनित होकर दूसरे जिले में प्रतिनियुक्त हो गयी है। तत्कालीन तिरहुत रेंज आइजी गणेश कुमार ने लोगों की सुविधा के लिए व्हाट्सएप शिकायत पोर्टल की शुरुआत की थी।
यहां हर दिन दर्जनों की संख्या में मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, शिवहर और सीतामढ़ी से उक्त पोर्टल पर शिकायत मिल रही थी। अधिकांश मामले में आरोप लगाया जाता था कि स्थानीय थाना ने उक्त आवेदन को लेने से मना कर दिया है और थाना से डांट-फटकार कर भगा दिया गया है।
लेकिन, आइजी के इस पोर्टल के शुरू होने के बाद इसकी संख्या में कमी आयी और लोगों की शिकायत स्थानीय थानेदार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सुनने लगे।
इसी माध्यम से मिली शिकायत पर आइजी ने कई इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को डांट-फटकार भी लगायी और चेतावनी भी दी।



