नालंदा: बिहार के नालंदा में महिला की संदिग्ध हालत में शव बरामद की गई है. भागनबीघा थाना क्षेत्र इलाके के बंडोह गांव में विवाहिता की लाश बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से निकालकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
इधर, परिजनों का आरोप है कि ससुरालवालों ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी है. बताया जाता है कि महिला के दोनों बच्चों को भी घर से गायब कर दिया है. संदेह जताया जा रहा है कि कहीं उन बच्चों की भी हत्या ना कर दी गई हो.
महिला का शव बरामद
महिला की मौत की खबर मिलने के बाद बेटी के ससुराल पहुंचे मायके वालों ने कहा कि मेरी बेटी को इसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर मार डाला है. आगे बताया कि महिला का पति और उसके ससुर काफी शराब पीते हैं. जिसके नशे में वे लोग बार बार इसके साथ दुर्व्यवहार करते थे. उसका पति शराब के नशे में मारपीट करता था. दहेज के पैसे और महंगे मोटरसाईकिल के लिए बार बार दबाव बनाता था और साथ में मारपीट करता रहता था. मृतक महिला की पहचान खुशबू कुमारी उर्फ ममता कुमारी के रुप में हुई है.
दोनों बच्चों की जानकारी नहीं
गौरतलब है कि मृतक महिला की शादी कुछ ही सालों पहले हुई थी. उसके शादी के बाद दो बच्चे भी हुए थे. उनलोगों का आरोप है कि ससुरालवालों ने बच्चों को न जाने कहां छिपा दिया है. इसकी कोई जानकारी नहीं है. जबकि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि मायके वाले लोगों ने आरोप लगाया है. उसे संज्ञान में रखते हुए छानबीन की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की जानकारी मिलेगी. तबतक पुलिस अपनी कार्रवाई में जुटी हुई है.



