नवादा. बिहार के नवादा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ट्रक और बाइक की सीधी टक्कर में 4 परीक्षार्थी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. जिसमें एक युवक की नवादा सदर अस्पताल पहुंचाने के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक सभी एक ही बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए रोह से केंदुआ नवादा जा रहे थे. मगर नवादा पकरीबरावां पथ पर वारसलीगंज के बागी बरडीहा मोड़ के समीप डंपर और बाइक की टक्कर हो गई जिससे यह बड़ी घटना हुई.
इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और लोगों की मदद से सभी को नवादा सदर अस्पताल लाया गया. लेकिन, ड्यूटी पर एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं थे. उस दौरान डॉक्टर चैम्बर खाली था, जिसको लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखा गया. यहां 15 से 20 मिनट के बाद डॉक्टर इलाज करने के लिए पहुंचे. लेकिन, इस दौरान अस्पताल के फोर्थ ग्रेड के कर्मी और रिटायर्ड कर्मी के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया.
वहीं एक साथ चार छात्रों के जख्मी हो जाने के बाद सदर अस्पताल में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया है. घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है, जिसमे दो की हालत गंभीर बनी हुई है. इस घटना में संकेत कुमार जो रोह के मोरमा के रहने वाले है उनकी मौत हो गयी, जबकि सौरभ कुमार मोरमा निवासी, सुधीर कुमार और आदित्य कुमार दोनो चचेरे भाई है और सिरदला के चौगांव के रहने वाले है.
सभी युवक आपस मे रिश्तेदार है. अपने रिश्तेदार के घर रहकर मैट्रिक की परीक्षा देने आ रहे थे. मगर दर्दनाक हादसे में एक परीक्षार्थी की मौत हो गयी. ऐसे में एक सवाल यह भी है कि आखिर ये युवक एक ही बाइक पर सवार होकर क्यों जा रहे थे. परिजनों ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम से बचने के लिए सभी दूसरे मार्ग का इस्तेमाल कर परीक्षा देने जा रहे थे. इस घटना के बाद परिवार वालो में गम का माहौल छाया है.



