गोपालगंजः बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेकपोस्ट पर उत्पात विभाग के टीम ने सोमवार की रात वाहन जांच किया. इस दौरान एक मोटरसाइकिल को रोक कर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें बनी तेल की टंकी से विदेशी शराब बरामद हुई. वहीं, एक तस्कर को उत्पाद विभाग की टीम हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
शक के आधार पर पकड़े गए तस्कर
बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम हमेशा की तरह बल्थरी चेकपोस्ट पर वाहन की जांच कर रही थी. इसी बीच शक के आधार पर जब एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें तेल की टंकी से शराब की बोतलें निकलने लगीं. होली में खपाने में लिए शराब तस्कर पड़ोसी राज्य यूपी से शराब की धड़ल्ले से तस्करी कर ला रहे हैं. बरामद शराब के बाद यूपी से शराब की तस्करी कर ला रहे दो शातिर तस्करों को उत्पाद टीम ने गिरफ्तार किया है, जो बाईक को मोडिफाइ कराकर शराब की तस्करी करते थे.
शराब की 500 से ज्यादा बोतलें जब्त
इन तस्करों के पास से शराब की 500 से ज्यादा बोतलें मिली है. उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि यूपी-बिहार के बलथरी स्थित चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान टीम को सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है. हाल के दिनों में पुलिस और उत्पाद विभाग की सख्ती से शराब तस्कर नए नए हथकंडे अपना रहे हैं. बता दें कि होली नजदीक है और होली शराब को खपाने के लिए बड़ी मात्रा में तस्करी की जा रही है.




