समस्तीपुर: समस्तीपुर में गुरुवार रात एक ऑटो के पलट जाने से एक दुधमुंहा बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से जख्मी हो गई। यह घटना जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खोकसाहा गांव के पास की है। जख्मी मां का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। मृतक की पहचान विभूतिपुर ब्लॉक के पास निवासी सुरेश कुमार के पुत्र मुन्ना तीन माह के रूप में की गई है।
पांच बेटियों के बाद हुआ था बेटा, मौत से परिवार में छाया मातमजानकारी के मुताबिक, सुरेश की पत्नी पूनम देवी अपने रिश्तेदार के यहां एक शादी समारोह में भाग लेने बहरामपुर गई थी। वह रात को बहरामपुर गांव से ऑटो से लौट रही थी। इसी दौरान खोकसाहा गांव के पास ऑटो अचानक पलट गया। इस हादसे में मां-बेटा जख्मी हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को विभूतिपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से रात में ही दोनों को सदर अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। जबकि मां का उपचार जारी है।
परिवार के लोगों ने बताया कि सुरेश को पांच बेटियों के बाद एक बेटा हुआ था। इस घटना के बाद परिवारिक सदस्यों के बीच मातम छाया हुआ है।

चाल को नींद आने से बिगड़ा ऑटो का संतुलन
घटना का कारण चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाना बताया जा रहा है। इसी वजह से ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। बताया गया है कि ऑटो पूनम का भाई खुद चला रहा था। घटना के बाद नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना को लेकर यूडी केस दर्ज किया गया है।



