पटना : पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के सदिसोपुर गांव में दो दिनों पहले हुई मारपीट में घायल एक युवक की इलाज के दौरान बुधवार की शाम मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।युवक की पहचान नौबतपुर थानाक्षेत्र के खजुरी गांव निवासी राजू गोस्वामी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दो दिनों पहले भूमि विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। गंभीर अवस्था में घायल लोगों को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि युवक दो दिन पहले अपनी बहन के ससुराल बिहटा के सदिसोपुर गांव आया था। इसी बीच, पुराने भूमि विवाद को लेकर पहले गालीगलौज और फिर मारपीट होने लगी। जबतक वे कुछ समझ पाते विपक्षी दल ने लोगों को घेर कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए थे। राजू को आरोपियों ने लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर स्थिति में परिजन राजू को लेकर पटना पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान राजू की मौत हो गई।
बहन ने ससुराल वालों पर लगाया-हत्या करने का आरोप
इधर, मृतक की बहन गुड़िया देवी ने बताया कि मेरे ससुराल वाले लगातार मुझे प्रताड़ित करते थे। इसमें सास-ससुर, ननद, भौजाई, गोतनी सभी लोग शामिल थे। इसी विवाद का निपटारा को लेकर मेरे परिवार के लोग ससुराल पहुंचे थे। इसी दौरान ससुराल वालों ने मेरे परिवार वालों के साथ मारपीट की और भाई को पीट-पीटकर मार डाला।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सनोहर खान ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।