शेखपुरा: यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को बिहार बंद का ऐलान किया गया है। इस बंद का असर सुबह से कई जिलों से सामने आ रहा है। मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में शेखपुरा में लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 82 को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया। मनीष कश्यप के समर्थक और राष्ट्रीय जन जन पार्टी ने गुरुवार को बंद का अह्वान किया है। शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत श्री कृष्ण चौक पर राष्ट्रीय जन जन पार्टी से जुड़े नेताओं ने बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं व यूट्यबर के समर्थकों ने टायर जलाकर आगजनी की और गाड़ियों के आवागमन को बंद कर दिया। प्रदर्शन के कारण बिहारशरीफ से मोकामा जाने वाली सड़कों पर जाम लग गया।
मनीष कश्यप की गिरफ्तारी की जांच की मांग
राष्ट्रीय जन जन पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह ने राज्य सरकार पर मनीष कश्यप पर दुर्भावना से ग्रसित होकर गिरफ्तार करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
लखीसराय के बड़हिया में बंद का असर नहीं
लखीसराय के बड़हिया में बाजार बंद का असर नहीं दिख रहा है। दुकाने खुले हैं। राष्ट्रीय जन जन पार्टी के प्रदेश सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में दर्जन भर कार्यकर्ता बड़हिया बाजार को बंद कराने निकले लेकिन बाजार बंद का कोई असर नहीं दिखा।