पटना. एमएलसी चुनाव में बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन के लिए पहली खुशखबरी कोशी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आई है. बुधवार को हुई मतगणना के बाद जदयू के डॉ संजीव कुमार ने एक बार फिर से जीत हासिल की. वे लगातार चौथी बार एमएलसी बने हैं. पूर्णिया में मतदान केंद्र के बाहर हजारों की संख्या में जुटे उनके समर्थकों ने डॉ संजीव को सर्टिफिकेट मिलने के पहले ही जीत का जश्न मानना शुरू कर दिया है.
कोशी शिक्षक निर्वाचन का चुनाव 31 मार्च को हुआ था. यहां 83 फीसदी मतदान हुआ था. बुधवार को कड़े सुरक्षा बंदोबस्ती के बीच मतगणना का काम शुरू हुआ. इसमें महागठबंधन समर्थित जदयू प्रत्याशी संजीव कुमार सिंह की जीत लगभग तय हो चुकी है. डॉ संजीव ने बताया कि कुल 14611 वोट पड़े थे. मतगणना के बाद उन्हें करीब 8500 वोट आए हैं. वहीं करीब 11 सौ वोट रद्द हुए हैं. उनकी जांच चल रही है. उनकी जीत तय हो चुकी है. लेकिन आधिकारिक घोषणा होना शेष है.

वहीं डॉ संजीव कुमार के समर्थकों ने माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया. गौरतलब है कि संजीव कुमार लगातार चौथी बार यहां से चुनाव जीते हैं. संजीव की जीत के साथ ही यह जदयू के लिए राहत की बड़ी खबर है. भाजपा ने कोशी शिक्षक सीट से रंजन कुमार को उतारा था. ऐसे में कोशी के इलाके में पैठ बढ़ाने की कोशिश में लगी भाजपा को यहां के शिक्षकों न नकार दिया है. संजीव कुमार की जीत इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि पिछले साल ही सीमांचल में गृह मंत्री अमित शाह ने दौरा किया था. वहीं नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा भी लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से जीते हैं. जबकि बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी का गृह जिला मुगेर है. भाजपा के तमाम दिग्ज्जों का इलाका रहने के बाद भी यहां से संजीव कुमार चुनाव जीत गए.