हनुमान से प्रेरणा लेकर काम करती है भाजपा … स्थापना दिवस पर दिया गया ‘राष्ट्र सदा सर्वोपरि’ का संदेश

भारतीय जनता पार्टी गुरुवार को 44 साल की हो गई। स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है। प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है। पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर के वरिष्ठ पद पर रह कर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं।

प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने हनुमान जन्मोत्सव का जिक्र करते हुए अपने संबोधन में कहा कि जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन आज भी हमें भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है।PM मोदी ने कहा कि भाजपा वो पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत जिसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है। जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे, न संसाधन थे लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी। हम आपको यह भी बता दें कि प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया।

पार्टी के राज्य कार्यालयों में भी आज ध्वजारोहण तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। देखा जाये तो इन 43 वर्षों में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गयी है। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले नड्डा ने अपने भाषण में कहा कि आज हमारे 1,80,000 शक्ति केंद्रों पर भाजपा का काम है। आज 8,40,000 बूथ पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है। उन्होंने कहा कि हमने उ.प्र. और उत्तराखंड में सरकार दोबारा बनाई। गोवा में तीसरी बार सरकार बनाई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें ये संकल्प लेना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम एक पल भी बैठने वाले नहीं हैं और PM मोदी के नेतृत्व में पार्टी को और आगे ले जाएंगे। भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आने वाली राजनीतिक चुनौतियों का एकजुटता के साथ सामना करने का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading