पूर्व मंत्री गायत्री देवी का निधन, पटना के अस्पताल में लीं अंतिम सांस

नवादा: बिहार की पूर्व मंत्री गायत्री देवी का निधन हो गया। करीब तीन दशक तक गोविंदपुर और नवादा की विधायक रहीं थीं। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को उन्होंने अंतिम सांस लिया। उनका शव नवादा लाया जाएगा। मंगर बीघा घाट पर अंतिम संस्कार होगा। पिछले कई दिनों से वो पटना के एक निजी अस्पताल में इलाजरत थी। उनकी उम्र करीब 80 वर्ष थी।

gayatri devi

पूर्व विधायक कौशल यादव की मां थीं गायत्री देवी

जेडीयू नेता और पूर्व विधायक कौशल यादव की मां और पूर्व विधायक पूर्णिमा यादव की सासू मां थीं गायत्री देवी। गायत्री देवी के पति युगल किशोर यादव भी बिहार सरकार में मंत्री रहे थे। कौशल यादव के सहयोगी नारायण स्वामी मोहन ने उनके निधन की सूचना दी। तीन दशक से ज्यादा वक्त तक वो नवादा की राजनीति का केंद्र बनीं रहीं। 27 वर्षों तक विधायक, बिहार सरकार में मंत्री और कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रहीं।

पति के निधन के बाद राजनीति में आईं

गायत्री देवी का राजनीतिक सफर 1970 से शुरू हुआ। 1969 में इनके पति युगल किशोर सिंह यादव लोकतांत्रिक कांग्रेस के टिकट पर गोविंदपुर विधानसभा से एमएलए बने। उस वक्त दारोगा राय मंत्रिमंडल में मंत्री भी बने थे। असमय उनका निधन हो गया था। पति की मौत के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा का चुनाव लड़ीं और 1970 में पहली बार गोविंदपुर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव जीतीं। उसके बाद 1972-77 तक कांग्रेस के टिकट पर नवादा की विधायक रहीं।

27 साल तक गायत्री देवी विधायक रहीं

इसके बाद फिर 1980, 85, 90 यानि लगातार 15 साल तक गोविंदपुर से कांग्रेस की विधायक रहीं। 1995 में हार मिली। 2000 के चुनाव में राजद के टिकट पर गोविंदपुर विधानसभा से ही चुनाव जीतीं। 2005 तक विधायक रहने के बाद उनकी राजनीतिक पारी का अंत हुआ। 2005 के चुनाव में बेटे कौशल यादव जीते और परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। इस तरह 27 साल तक गायत्री देवी विधायक रहीं। पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेंद्र कुमार ने बताया कि सत्येंद्र नारायण सिन्हा के मंत्रिमंडल में वो मंत्री रहीं थीं। उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक है। पूर्व मंत्री रहीं गायत्री देवी को तीन संतानें हैं। दो बेटे पूर्व विधायक कौशल यादव और विधान चंद्र राय और एक बेटी कुमारी रीता हैं।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading