समस्तीपुर: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक में शुक्रवार को दो युवक डूब गए। नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। एक युवक के शव को बरामद कर लिया गया है। वहीं, दूसरी की तलाश जारी है।
गंडक में दो युवकों के डूबने की सूचना पर बड़ी संख्या में भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई है। पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय मछुआरों के सहयोग से डूबे एक युवक की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि चार युवक एक साथ बूढ़ी गंडक में स्थान करने के लिए नरहन पुरानी पुल के पास गए। वे लोग नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। इसके बाद सभी डूबने लगे। इसमे से दो किसी तरह नदी से बाहर निकल गए, जबकि दो युवक पानी से बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए।
वहीं, नदी से बाहर निकले दोनों युवकों ने गांव के लोगों को इस घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही गांव के काफी संख्या में लोग बूढी गंडक पहुंच गए। स्थानीय मछुआरों की मदद से दोनों डूबे युवकों की खोज शुरू की गई। इस क्रम में एक युवक को शव बरामद किया गया है। जबकि दूसरे की खोज अब भी जारी है।
जिस युवक का शव बरामद किया गया, वो भुसवर वार्ड 1 निवासी अजय महतो का करीब 19 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार बताया गया है। जबकि लापता युवक युवक विभूतिपुर पूरब वार्ड-8 निवासी लालो शर्मा का करीब 18 साल का बेटा पंकज कुमार है।घटना के संबंध में बताया जाता है कि चार युवक बाइक से बूढ़ी गंडक में स्नान करने गये थे। जिसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं थी। इसी क्रम में यह घटना घटी। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।