ये मंदिर नहीं, थाना है साहब: खाकी की जगह पहने गेरुआ वस्त्र, पत्नी संग यजमान बने थानाध्यक्ष

गोपालगंज: गोपालगंज के उचकागांव में रविवार को थाना परिसर भगवान की भक्ति में सराबोर रहा। पुलिस के जवान खाकी वर्दी में नहीं, बल्कि गेरुआ कपड़ों में दिखे। हर तरफ मंत्रोच्चार से पूरा थाना परिसर गूंज उठा। उचकागांव थाने में पदस्थापित एसआई से लेकर चौकीदार और मुंशी तक थाना परिसर में आने वाले मेहमानों की खातिरदारी में लगे हुए थे। दरअसल, अवसर ही कुछ ऐसा था। उचकागांव थाना के जवान थाना परिसर में निर्मित भगवान शिव और बजरंगबली के मंदिर का वार्षिकोत्सव मना रहे थे। वार्षिकोत्सव के अवसर पर अष्टयाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इसमें वेदी पर यजमान की भूमिका में थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह और उनकी धर्मपत्नी पुष्पा राज बैठी हुई थीं। आचार्य योगेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजकुमार पांडेय, राजकुमार शुक्ला, विनय दुबे, अभय, रितेश तिवारी, उमेश तिवारी, उमेश उपाध्याय सहित दस ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार से पूरा थाना परिसर गुंजायमान हो रहा था।

इस साल जागरण का कार्यक्रम स्थगित

पूजन के साथ ही 24 घंटे के अष्टयाम कार्यक्रम का भी प्रारंभ हो गया। थाना परिसर में आने वाले आगंतुकों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस दौरान पूजा समिति के व्यवस्थापक रमेश सिंह ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष होने वाला जागरण का कार्यक्रम इस बार स्थगित रखा गया है।

शाम को थाने में हुआ भोज का कार्यक्रम

वैसे पूर्णाहुति के पश्चात सोमवार की शाम प्रसाद के रूप में भोज का आयोजन किया गया है। मौके पर अपर थानाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार, एसआई मुकेश कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, मंटू कुमार रजक, सत्येंद्र सिंह, रमेश यादव सहित काफी संख्या में पूजा समिति के सदस्य, पुलिस पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading