नरकटियागंज: जिले में शिकारपुर थाना के नौतनवा गांव में दो पक्षों के बीच गोली चलने की घटना सामने आई है। भूमि विवाद में गोली चलने से दो लोग जख्मी हुए हैं, जबकि एक व्यक्ति को फरसा से प्रहार कर जख्मी किया गया है।घटना में तीन लोग हसन कयास, शेख महमूद और तौकील घायल हुए हैं। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। उधर, तीनों जख्मी लोगों को नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल बेतिया रेफर कर दिया गया है।

जख्मी 35 वर्षीय इलियास को पेट और पैर में गोली लगी है, जबकि 30 वर्षीय संतरेज को हाथ में गोली लगी है। नूरशाद फरसा से सिर पर प्रहार की वजह से जख्मी हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि हसन कयास अपनी 9 कट्ठा जमीन पर रोपनी कराने के लिए सुबह गया था। तभी दूसरे पक्ष के शेख मैनूल, तौकील अहमद, नबील अहमद, शेख इमरान आदि पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी है। नूरशाद को फरसा से प्रहार कर जख्मी कर दिया गया है। उधर, हसन कयास के पक्ष के लोगों ने भी लाठी से प्रहार किया था, जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों में भगदड़ मच गई।
पुलिस कर रही छानबीन
अब पुलिस घटनास्थल पहुंचकर छानबीन कर रही है। पुलिस निरीक्षक रामाश्रय यादव ने बताया कि भूमि विवाद में घटना घटी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। छानबीन की जा रही है। घटना में जख्मी लोगों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया भेजा गया है।


