बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. लोकनायक जयप्रकाश नारायण विमानक्षेत्र से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल के लिए एसी और नॉन एसी बसें फिर से परिचालित की जाने लगी हैं.असल में हवाई अड्डा परिसर में ऑटो पार्किंग पर रोक के बाद हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को आने-जाने में तमाम दिक्कतें हो रही थीं. इसी को देखते हुए अब हवाई अड्डा से बस स्टैंड तक के लिए बसों का परिचालन शुरू किया गया है.
बता दें कि पटना हवाई अड्डा से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल के लिए सरकारी बस सेवा का परिचालन पुनः शुरू कर दिया गया है. दरसअल जाम व अन्य तरह की समस्याओं को देखते हुए बीच में यह सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई थी. अब फिर से कुछ बदलाव के साथ सरकारी बस सेवा को बहाल कर दिया गया है.
इस कारण हो रही थी परेशानी
भारतीय विमानन प्राधिकारण ने पिछले कुछ दिनों से हवाई अड्डा परिसर में ऑटो की पार्किंग पर प्रतिबंध लगा दिया था. इससे हवाई जहाज से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी. विमान यात्रियों को हो रही असुविधाओं को देखते हुए निगम ने पुनः हवाई अड्डा से बस सेवा का परिचालन शुरू कर दिया है. फिलहाल पटना एयरपोर्ट से तीन एसी और नॉन एसी बसों का परिचालन किया जा रहा है.
जान लीजिए रूट और किराया
तीन में से एक बस पटना एयरपोर्ट से हज भवन, आरब्लॉक, जीपीओ, गांधी मैदान और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन होते हुए बैरिया बस स्टैंड तक चल रही हैं. जबकि दो बसें एयरपोर्ट से जगदेव पथ, बेली रोड, गांधी मैदान, राजेंद्र नगर टर्मिनल होकर बैरिया बस स्टैंड तक चल रही हैं. जहां एसी बस का किराया 60 रुपये है. वहीं, नॉन एसी बस का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है.